34.8 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

सहायक प्रशासनिक अधिकारी से 28 हजार की संदिग्ध नकदी जब्त, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

जयपुर (राजस्थान) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने राजसमंद जिला परिवहन कार्यालय में तैनात सहायक प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ आकस्मिक जांच अभियान चलाते हुए उनकी निजी कार और जामा तलाशी से 28,110 रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की है। इस अधिकारी की पहचान दिनेश कलोलिया के रूप में हुई है। राशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर इसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। एसीबी ने मामले में अग्रिम जांच शुरू कर दी है और अधिकारी के उदयपुर स्थित आवास पर भी तलाशी ली जा रही है।

टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर ली गई तलाशी

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि अधिकारी कार्यालय अवधि समाप्त होने के बाद अवैध वसूली की राशि लेकर अपनी निजी कार से राजसमंद से उदयपुर की ओर रवाना होने वाले हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद एसीबी चौकी चित्तौड़गढ़ की टीम ने उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल स्वरूप मेवाड़ा के नेतृत्व में नेगड़िया श्रीनाथजी उदयपुर प्राइवेट लिमिटेड टोल प्लाजा पर कार को रुकवाया।

कार के डैशबोर्ड और जामा तलाशी से मिले रुपये

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड और अधिकारी की जामा तलाशी में कुल 28,110 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में अधिकारी इस राशि का कोई वैध स्रोत या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, जिसके बाद एसीबी ने पूरी राशि को जब्त कर लिया।

उदयपुर स्थित आवास पर भी छापेमारी

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुख्यालय के निर्देश पर आरोपी अधिकारी के उदयपुर स्थित निजी आवास पर भी गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख