29.2 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

आरआरबी परीक्षा के लिए टाटानगर-आरएमपीबी विशेष ट्रेन चलेगी

पश्चिमी सिंहभूम। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्री भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर और आरएमपीबी के बीच विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों में प्रतिदिन संचालित होगी।

रेलवे की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर-आरएमपीबी परीक्षा स्पेशल 3 अगस्त से 6 अगस्त तथा 9 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक कुल 10 फेरों में चलाई जाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 08182 आरएमपीबी-टाटानगर परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त से 7 अगस्त तथा 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक कुल 10 फेरों में संचालित होगी।

रात में टाटानगर से चलेगी, सुबह पहुंचेगी आरएमपीबी

ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर से रात 12:45 बजे प्रस्थान कर खड़गपुर, आद्रा, बर्धमान, आसनसोल, बोलपुर, रामपुरहाट, पाकुड़, गुमानी, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, एकलखी, बन्दीपुर और गौरामपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए सुबह 9:30 बजे आरएमपीबी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08182 आरएमपीबी से सुबह 10:00 बजे रवाना होकर निर्धारित स्टेशनों से होते हुए शाम 7:30 बजे टाटानगर पहुंचेगी।

16 कोच वाली विशेष ट्रेन

रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 16 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे, दो सामान्य कोच और दो एसएलआरडी (गार्ड सह लगेज वैन) शामिल रहेंगे। ट्रेन के परिचालन, क्रू और अन्य व्यवस्थाओं का समन्वय संबंधित रेल मंडलों और जोनों के सहयोग से किया जाएगा।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने उम्मीद जताई है कि इस विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेन के संचालन से आरआरबी परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त भीड़ का दबाव भी कम होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख