पूर्वी सिंहभूम। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के साथ शराब निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने तुरियाबेड़ा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 70 लीटर तैयार रंगीन नकली विदेशी शराब बरामद हुई, जबकि दो कार्टन में रखी लगभग 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब भी जब्त की गई।
शराब बनाने और पैकेजिंग का सामान भी मिला
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले आगे और पीछे के लेबल, शराब को रंग और स्वाद देने में इस्तेमाल होने वाला कैरामेल, नकली उत्पाद आसंजक तथा अन्य उपकरण और सामग्री भी बरामद की गई। विभाग के अनुसार इनका उपयोग नकली विदेशी शराब तैयार करने और उसकी पैकेजिंग में किया जा रहा था।
आरोपी फरार, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा ने सोमवार को बताया कि यह मिनी फैक्ट्री रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू कुमार महतो द्वारा संचालित की जा रही थी। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत और कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध और नकली शराब के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
