रांची। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों के जरिए कुल 60 ट्रिप संचालित किए जाएंगे, ताकि परीक्षा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और अभ्यर्थियों को सुगम यात्रा मिल सके।
रेलवे के अनुसार, 08183/08184 राउरकेला–रामगढ़ कैंट–राउरकेला परीक्षा स्पेशल ट्रेन 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त और 17 से 21 अगस्त तक राउरकेला से चलेगी। वापसी में यह ट्रेन 4 से 7 अगस्त, 10 से 15 अगस्त और 18 से 22 अगस्त तक रामगढ़ कैंट से संचालित होगी। दोनों दिशाओं में 15-15 ट्रिप चलेंगी। ट्रेन राउरकेला, बानो, हटिया, रांची, मुरी और रामगढ़ कैंट सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 18 कोच होंगे, जिनमें दो सामान्य श्रेणी, 14 स्लीपर और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं।
इसके अलावा 08601/08602 रांची–सबौर–रांची परीक्षा स्पेशल ट्रेन भी 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त और 17 से 21 अगस्त तक रांची से तथा वापसी में 4 से 7 अगस्त, 10 से 15 अगस्त और 18 से 22 अगस्त तक सबौर से चलेगी। इस ट्रेन की भी दोनों दिशाओं में 15-15 ट्रिप संचालित होंगी।
रांची–सबौर स्पेशल ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, तिलैया, नवादा, वारिसलीगंज, शेखपुरा, लखीसराय, किउल, अभयपुर, जमालपुर, सुलतानगंज और भागलपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें कुल 14 कोच लगाए जाएंगे।
रांची रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्रेया सिंह ने कहा कि आरआरबी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने अभ्यर्थियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और परिचालन तिथियों की जानकारी लेने तथा समय पर स्टेशन पहुंचने की अपील की।
रेलवे ने यात्रियों से अधिकृत माध्यमों से टिकट लेकर यात्रा करने और पहले से यात्रा की योजना बनाने की भी सलाह दी है।
