अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की 56वीं बटालियन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 98 किलो गांजा जब्त किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर मादक पदार्थ छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
एसएसबी की पथरदेवा बीओपी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात ग्वारपुछरी गांव में सीमा स्तंभ संख्या 184 के पास, भारतीय सीमा के भीतर करीब 500 मीटर की दूरी पर छापेमारी की। इस दौरान नेपाल से भारत की ओर तस्करी कर लाया जा रहा 98 किलो गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। एसएसबी ने जब्त गांजा को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बथनाहा थाना के सुपुर्द कर दिया।
इस कार्रवाई की जानकारी एसएसबी 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने दी।
