पटना । जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पक्ष में एकतरफा जनसमर्थन है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव एनडीए के लिए हार-जीत का नहीं, बल्कि पिछली बार से अधिक अंतर से जीत दर्ज करने का चुनाव है।
विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप
उमेश कुशवाहा ने कहा कि विपक्षी दलों के पास बांकीपुर की जनता के लिए न कोई स्पष्ट दृष्टिकोण है और न ही विकास का कोई ठोस एजेंडा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार के सहारे मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता उसकी सच्चाई समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में उत्साह दिख रहा है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रत्याशी ऐतिहासिक बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे।
कार्यकर्ताओं के सम्मान से बढ़ा उत्साह
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए ने एक सामान्य कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है। इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया और वे बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता से चुनाव प्रचार में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि एनडीए का गठबंधन मजबूत है और इसी एकजुटता के कारण पिछले विधानसभा चुनाव में गठबंधन को बड़ी सफलता मिली थी।
नीतीश सरकार के कामों का मिलेगा लाभ
उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों से बांकीपुर की जनता परिचित है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के आरोपों और प्रचार का चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
