कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को राज्य में अगले कुछ वर्षों में चरणबद्ध तरीके से एक लाख नए पुलिसकर्मियों की भर्ती करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 14 हजार पुलिस कांस्टेबल प्रशिक्षण पूरा कर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिन्हें आगामी दुर्गापूजा से पहले तैनात कर दिया जाएगा।
47 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी
भवानी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रति एक लाख आबादी पर 106 पुलिसकर्मी हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 155 है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को मजबूत करने के लिए रिक्त पदों पर तेजी से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य में फिलहाल करीब 47 हजार पुलिस पद रिक्त हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से जुड़े विषयों का समाधान होने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
पुलिसकर्मियों का राशन भत्ता बढ़ा
शुभेंदु अधिकारी ने पुलिसकर्मियों के राशन भत्ते में वृद्धि की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब तक मिलने वाला 1,500 रुपये का राशन भत्ता बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है।
शिकायतों के लिए शुरू होंगे टोल फ्री नंबर
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की शिकायतों के लिए चार टोल फ्री नंबर भी शुरू किए गए। इन माध्यमों से राज्य के किसी भी हिस्से से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एनआईए की तर्ज पर बनेगा एसआईए
मुख्यमंत्री ने राज्य में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की तर्ज पर राज्य अन्वेषण अभिकरण (एसआईए) के गठन की भी घोषणा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे कानून के दायरे में रहकर पूरी निष्ठा से काम करें, सरकार उनके साथ खड़ी है।
