27.7 C
Kolkata
Tuesday, July 28, 2026

श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन से बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा आसान, हजारीबाग के श्रद्धालुओं को बड़ी राहत

हजारीबाग। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (08646/08645) का परिचालन शुरू कर दिया है। इससे हजारीबाग समेत आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को अब पहले से अधिक सुविधाजनक और सीधी रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

14-14 फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08646 रांची से भागलपुर के लिए प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 27 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर से रांची के लिए प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को 28 जुलाई से 12 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। श्रावण मास के दौरान यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 14-14 फेरे लगाएगी।

हजारीबाग सहित कई स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन रांची, मुरी, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, तिलैया, कोडरमा, गयाजी जंक्शन और सुल्तानगंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने या सड़क मार्ग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

तीन वर्षों की मांग के बाद मिली सौगात

हजारीबाग से हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु सावन के दौरान देवघर जलाभिषेक के लिए जाते हैं। सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण उन्हें बस या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता था। इस सुविधा की मांग को लेकर भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता पिछले तीन वर्षों से रेल मंत्रालय के समक्ष लगातार प्रयास कर रही थीं। उनके प्रयासों के बाद इस विशेष ट्रेन का परिचालन शुरू हो सका।

20 कोच के साथ चल रही स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार स्पेशल ट्रेन में छह अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। पहले यह ट्रेन 14 कोच के साथ चलती थी, जबकि अब 20 कोच के साथ संचालित की जा रही है, जिससे अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।

परिचालन के पहले दिन यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन रेलवे को उम्मीद है कि सावन के प्रमुख दिनों में इस ट्रेन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करेंगे। वहीं, श्रद्धालुओं ने इस सेवा को पूरे वर्ष नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी उठाई है।

Related Articles

नवीनतम लेख