रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से मंगलवार को राज्य अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में पूछताछ की। वह सीआईडी के नोटिस पर निर्धारित समय पर रांची स्थित कार्यालय पहुंचे।
सीआईडी ने पहले जारी किया था नोटिस
सीआईडी ने एल. ख्यांगते को पहले नोटिस जारी कर 28 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था। नोटिस के अनुपालन में उनके कार्यालय पहुंचने के बाद जांच अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे सवाल-जवाब किए।
भर्ती प्रक्रियाओं की जांच जारी
सीआईडी जेपीएससी की विभिन्न नियुक्तियों में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान एजेंसी कई अभ्यर्थियों, अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है। साथ ही दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है।
10 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में सीआईडी अब तक कथित नियुक्ति घोटाले के मुख्य आरोपित अभय तिवारी सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहराई से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
