वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन को मीडिया और सांसदों की तीखी आलोचना के बाद ईरान युद्ध में हताहत और घायल सैनिकों के आधिकारिक डेटाबेस को अपडेट करना पड़ा है। शनिवार को संशोधित किए गए आंकड़ों में 140 अतिरिक्त घायल सैनिकों और पिछले हफ्ते ईरानी हमलों में जान गंवाने वाले चार अन्य सैनिकों के नाम शामिल किए गए हैं। नए अपडेटेड डेटाबेस के अनुसार, 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ शुरू हुए युद्ध के बाद से अब तक कुल 18 अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं और 624 सैनिक घायल हुए हैं।
सांसदों और मीडिया के दबाव के बाद पेंटागन ने जोड़ी नई ट्रैकिंग कैटेगरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेंटागन ने अपने ‘डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम’ में मृत और घायल सैनिकों की ट्रैकिंग के लिए एक नई श्रेणी “ओवरसीज ऑपरेशन्स” जोड़ी है। दरअसल, हताहतों की सही संख्या न दर्शाने को लेकर पिछले हफ्ते पेंटागन को चौतरफा दबाव का सामना करना पड़ा था। सीनेट की आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के 12 डेमोक्रेटिक सांसदों ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बाकायदा पत्र लिखकर इस आंकड़ेबाजी पर जवाब तलब किया था।
डेटाबेस में तकनीकी खराबी का दिया गया हवाला
इस पूरे विवाद पर रक्षा विभाग के कार्यवाहक प्रेस सचिव जोएल वाल्डेज और मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर बताया कि वेबसाइट के सिस्टम में आए अस्थायी तकनीकी व्यवधान (डेटा रुकावट) के कारण सही आंकड़े प्रदर्शित नहीं हो पा रहे थे। हालांकि, सबसे पहले इस गड़बड़ी का खुलासा करने वाली मीडिया रिपोर्ट की पेंटागन ने आलोचना भी की, लेकिन अंततः प्रणाली को सुधारकर नया डेटा सार्वजनिक कर दिया गया है।
