पश्चिम बर्दवान। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले अंतर्गत दुर्गापुर में सोमवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए की दो अलग-अलग टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मेन गेट के पास स्थित न्यू स्टील पार्क इलाके में छापेमारी की। अधिकारियों ने स्थानीय निवासी गुलाम रजा के मकान को चारों तरफ से घेरकर घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया।
बिहार का रहने वाला है गुलाम रजा, डिजिटल उपकरणों की जांच जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलाम रजा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है और करीब तीन साल पहले दुर्गापुर आकर न्यू स्टील पार्क क्षेत्र में अपने परिवार (पत्नी और दो बेटों) के साथ बस गया था। छापेमारी के दौरान एनआईए की टीम ने घर में मौजूद सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स को कब्जे में लेकर उनकी बारीकी से जांच की।
पूछताछ जारी, जांच के कारण क्षेत्र में मचा हड़कंप
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, यह कार्रवाई किसी जारी जांच के तहत गुलाम रजा के संपर्कों, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल के उद्देश्य से की गई है। हालांकि, केंद्रीय एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह खुलासा नहीं किया है कि यह छापेमारी किस विशेष मामले से संबंधित है या घर से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है या नहीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे न्यू स्टील पार्क क्षेत्र में हड़कंप मच गया और जांच प्रक्रिया पूरी होने तक किसी को भी घर के अंदर या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई।
