30.4 C
Kolkata
Sunday, July 26, 2026

राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, छात्र आंदोलन में बल प्रयोग पर मांगा जवाब

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों के साथ कथित बल प्रयोग और हिंसा को लेकर जवाब मांगा है। राहुल गांधी ने पत्र को अपने सामाजिक माध्यम पर भी साझा किया।

राहुल गांधी ने पत्र में आरोप लगाया कि छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय सुरक्षा बलों ने उन पर बल प्रयोग किया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान आंसू गैस और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए।

पैलेट गन के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि मीडिया और सामाजिक माध्यमों पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात दिखाई गई है, जिनमें एक पत्रकार भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि वह 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब से मिले, जिसकी आंख में पैलेट लगने से उसकी दृष्टि पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

गृह मंत्री से पूछे दो सवाल

राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से पूछा कि क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन सहित घातक बल के इस्तेमाल की मंजूरी उन्होंने दी थी। यदि नहीं, तो इसकी अनुमति किसने दी।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठीचार्ज करते दिखे लोग कौन थे। उन्होंने पूछा कि क्या वे पुलिसकर्मी थे या स्वयंसेवक, और उनकी तैनाती की अनुमति किसने दी।

शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का अधिकार: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बातचीत के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई कथित हिंसा ने पूरे देश में आक्रोश पैदा किया है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा और छात्र जवाब और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं तथा उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।

Related Articles

नवीनतम लेख