27.1 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

जयशंकर ने मनीला में कई देशों के विदेश मंत्रियों से की मुलाकात, क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा

मनीला । विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान बैठकों और क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान कई देशों के विदेश मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा, रणनीतिक साझेदारी और विकास सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

दो दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस पहुंचे जयशंकर ने ओमान, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, फिलीपींस, पापुआ न्यू गिनी और ब्रुनेई के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैठकों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि खाड़ी क्षेत्र की स्थिति, भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते, इंडो-पैसिफिक सहयोग और नई तकनीकी संभावनाओं पर बातचीत हुई।

भारत के रणनीतिक सहयोग पर जोर

जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात कर खाड़ी क्षेत्र की हालिया घटनाओं पर विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने आपसी संपर्क और सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

ब्रिटेन के विदेश सचिव एड मिलिबैंड से पहली मुलाकात में जयशंकर ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते से बने सकारात्मक माहौल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की।

नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टॉम बेरेन्डसन के साथ बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया यात्रा के परिणामों पर बातचीत हुई। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी से सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, हरित हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग के अवसर बढ़ने की बात कही गई।

इंडो-पैसिफिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात के दौरान जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी के तहत 2025-2029 कार्ययोजना को लागू करने पर जोर दिया।

पापुआ न्यू गिनी के विदेश मंत्री जस्टिन डब्ल्यू. टकाचेंको के साथ बैठक में द्विपक्षीय सहयोग और प्रशांत द्वीप देशों के विकास में साझेदारी पर चर्चा हुई। वहीं ब्रुनेई के विदेश मंत्री प्रिंस अब्दुल मतीन के साथ बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन और डिजिटल क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विचार किया गया।

जयशंकर 22-23 जुलाई को फिलीपींस यात्रा पर हैं। इस दौरान वह आसियान-भारत पोस्ट मंत्रिस्तरीय सम्मेलन, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन विदेश मंत्रियों की बैठक, आसियान क्षेत्रीय मंच और क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख