नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में भारी बारिश से बने हालात को लेकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने राज्य में राहत एवं बचाव कार्यों तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
गुजरात सरकार के सूचना विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री ने लगातार हो रही भारी वर्षा के बीच राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सहायता और सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार पूरा सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री शाह से भी की बात
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बातचीत कर राज्य में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी साझा की। गृह मंत्री ने गुजरात को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
राज्य में भारी बारिश के कारण प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
