ग्लास्गो । राष्ट्रमंडल खेल-2026 के दूसरे दिन शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। भारतीय दल के खिलाड़ी जिम्नास्टिक्स, तैराकी, पैरा तैराकी, पैरा पावरलिफ्टिंग, लॉन बॉल्स और मुक्केबाजी में हिस्सा लेंगे।
दिन की शुरुआत पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स क्वालिफिकेशन से होगी, जबकि देर रात तक कई पदक मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
जिम्नास्टिक्स और तैराकी में भारतीय चुनौती
पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स में तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास और योगेश्वर सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तैराकी में श्रीहरि नटराज पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक की हीट में उतरेंगे। क्वालिफाई करने पर वह सेमीफाइनल मुकाबला भी खेलेंगे।
पैरा तैराकी में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली पुरुष एस13 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। दोनों खिलाड़ी क्वालिफिकेशन मिलने पर फाइनल में भी उतरेंगे।
लॉन बॉल्स और मुक्केबाजी में भी नजरें
पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत की मजबूत चुनौती देखने को मिलेगी। पुरुष लाइटवेट वर्ग में अशोक और परमजीत कुमार, महिला लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर और सुमन देवी, महिला हेवीवेट वर्ग में कस्तूरी राजामणि तथा पुरुष हेवीवेट वर्ग में सुधीर और झांडू कुमार पदक के लिए मुकाबला करेंगे।
लॉन बॉल्स में महिला युगल स्पर्धा में पिंकी और रूपा रानी तिर्की की जोड़ी दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी से भिड़ेगी। वहीं पुरुष एकल में पुतुल सोनोवाल का मुकाबला फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर से होगा।
मुक्केबाजी में पुरुष 55 किलोग्राम भारवर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में जादुमणि सिंह स्कॉटलैंड के आरोन कुलेन के खिलाफ रिंग में उतरेंगे।
24 जुलाई को भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम
भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे। पुरुष टीम जिम्नास्टिक्स के बाद दोपहर 3:40 बजे पैरा तैराकी में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली, जबकि 3:56 बजे श्रीहरि नटराज तैराकी में हिस्सा लेंगे।
शाम 5:40 बजे पैरा पावरलिफ्टिंग में अशोक और परमजीत कुमार, 7:24 बजे जसप्रीत कौर और सुमन देवी तथा 7:30 बजे लॉन बॉल्स में पिंकी और रूपा रानी तिर्की मुकाबला खेलेंगी।
रात 10 बजे जिम्नास्टिक्स फाइनल, 10:20 बजे पुरुष लॉन बॉल्स में पुतुल सोनोवाल, 10:40 बजे महिला पैरा पावरलिफ्टिंग में कस्तूरी राजामणि और 11 बजे मुक्केबाजी में जादुमणि सिंह मैदान में उतरेंगे।
25 जुलाई को रात 12 बजे पैरा तैराकी के संभावित फाइनल और 12:29 बजे पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग हेवीवेट फाइनल में सुधीर और झांडू कुमार भारत की चुनौती पेश करेंगे।
