ग्लास्गो । भारत के युवा लॉन बॉल्स खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार आगाज करते हुए बड़ा उलटफेर किया है। पुरुष एकल सेक्शनल प्ले मुकाबले में पुतुल ने कनाडा के मौजूदा विश्व चैंपियन रयान बेस्टर को रोमांचक टाईब्रेकर में हराकर जीत दर्ज की।
विश्व रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज पुतुल ने मुकाबले का पहला सेट 5-4 से जीतकर बढ़त बनाई। हालांकि दो बार के कॉमनवेल्थ गेम्स रजत पदक विजेता रयान बेस्टर ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-3 से अपने नाम कर मुकाबले को टाईब्रेकर तक पहुंचा दिया।
टाईब्रेकर में बेस्टर ने टॉस जीतकर पहला रोल किया, लेकिन पुतुल का पहला प्रयास ‘किटी’ के बेहद करीब जाकर रुका। यही प्रयास निर्णायक साबित हुआ और भारतीय खिलाड़ी ने विश्व चैंपियन को मात देकर जीत हासिल कर ली।
असम पुलिस का कर रहे प्रतिनिधित्व
असम पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले पुतुल सोनोवाल अब शुक्रवार को अपने अगले सेक्शन डी मुकाबले में फॉकलैंड द्वीप के सेसिल अलेक्जेंडर से भिड़ेंगे। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे पुतुल से भारत को आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इससे पहले महिला युगल स्पर्धा में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने भी शानदार शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कोनी-लेह रिक्सन को टाईब्रेकर में हराकर जीत दर्ज की।
