27.8 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान की स्थापना की तैयारी शुरू

रांची। झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान की स्थापना की दिशा में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में 22 जुलाई को झारखंड फिल्म एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच हुए समझौते के बाद संस्थान की स्थापना को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है।

इसी क्रम में सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के कुलपति समीरन दत्ता अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सूचना भवन पहुंचे। यहां आयोजित बैठक में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (जेएफटीआई) की स्थापना, पाठ्यक्रमों और आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।

शुरुआती चरण में शुरू होंगे छोटे अवधि के पाठ्यक्रम

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक आनंद ने बताया कि जेएफटीआई के शुरुआती चरण में जरूरतों के अनुसार छोटे अवधि के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें अंशकालिक, पूर्णकालिक और शाम की कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों की अवधि एक, दो, तीन या छह महीने की होगी। विभाग उपलब्ध संसाधनों और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के तकनीकी सहयोग से जल्द ही इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

युवाओं को मिलेगा सिनेमा के क्षेत्र में तकनीकी प्रशिक्षण

सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के कुलपति समीरन दत्ता ने कहा कि जेएफटीआई के शुरू होने से झारखंड के युवाओं, खासकर जनसंचार और सिनेमा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा।

उन्होंने बताया कि संस्थान में ध्वनि डिजाइन, संपादन, एनिमेशन, पटकथा लेखन, छायांकन, निर्देशन और फिल्म निर्माण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

समीरन दत्ता ने कहा कि संस्थान के निर्माण के लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जेएफटीआई के प्रारूप तैयार करने, कक्षा व्यवस्था, अतिथि शिक्षकों के प्रशिक्षण और अन्य तकनीकी जरूरतों में सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट हरसंभव सहायता करेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख