27.8 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

खूंटी चोरीकांड का खुलासा, जमशेदपुर से चार अपराधी गिरफ्तार

खूंटी। खूंटी पुलिस ने तोरपा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी और शराब दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को जमशेदपुर और आदित्यपुर क्षेत्र से पकड़ा है। उनके पास से चोरी के गहने, शराब और घटना में इस्तेमाल सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने गुरुवार को कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 17 जुलाई को तोरपा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी और शराब की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।

गुप्त सूचना के आधार पर 22 जुलाई को एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले में छापेमारी कर चारों अपराधियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपितों में जमशेदपुर निवासी दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार (36), मो. अफरोज (34), बाबू पिल्ले (44) और सरायकेला-खरसावां निवासी अजय शर्मा (41) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में चारों ने तोरपा चोरीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से खूंटी के अलावा रांची जिले के दो मामलों और सरायकेला जिले के एक बड़े ज्वेलरी दुकान चोरी मामले का भी खुलासा हुआ है।

एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार के खिलाफ जमशेदपुर के टेल्को, बागबेड़ा, बिष्टुपुर और जुगसलाई थानों में हत्या और डकैती समेत करीब सात मामले दर्ज हैं। वहीं बाबू पिल्ले के खिलाफ रांची के एयरपोर्ट थाना और परसुडीह थाना में हथियार अधिनियम और लूट के मामले दर्ज हैं।

चोरी के गहने, शराब और औजार बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से चांदी के पायल, क्रॉस, लक्ष्मी-गणेश और धार्मिक लॉकेट, कमरबंद, कंगन, दीया, ताबीज, अंगूठी, चेन, स्टोन समेत कई गहने बरामद किए हैं।

इसके अलावा ब्लेंडर्स प्राइड शराब की चार पेटियां (84 बोतल), एक अर्टिगा कार, फर्जी नंबर प्लेट, तीन फीट लंबा कटर, ढाई फीट लंबा सबल, चार कीपैड मोबाइल, टोपी और मास्क भी बरामद किया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख