खूंटी। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने गुरुवार को जिले के माहिल स्थित दुग्ध शीतक केंद्र, किसानों की गौशालाओं और संरक्षित जरबेरा फूल की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध उत्पादन, विपणन और व्यावसायिक फूलों की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दुग्ध शीतक केंद्र में प्रतिदिन संग्रहित होने वाले दूध की मात्रा, गुणवत्ता, किसानों को भुगतान की व्यवस्था और प्रसंस्करण की जानकारी ली। उन्होंने जिला पशुपालन एवं गव्य विकास पदाधिकारी को जिले में अतिरिक्त दुग्ध शीतक केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
गौशालाओं और गोबर गैस संयंत्र का किया निरीक्षण
उपायुक्त ने किसानों की गौशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं के रखरखाव, टीकाकरण, टैगिंग और नियमित स्वास्थ्य जांच की समीक्षा की। उन्होंने सभी पशुओं का समयबद्ध टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों ने बताया कि वे दूध के साथ पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजार में बेच रहे हैं, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
उपायुक्त ने गोबर गैस संयंत्र का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र में अधिक संख्या में ऐसे संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।
जरबेरा की खेती से बढ़ रही किसानों की आय
इसके बाद उपायुक्त ने माहिल और अनिगड़ा में उद्यान विभाग के सहयोग से हो रही संरक्षित जरबेरा फूल की खेती का अवलोकन किया। किसानों ने बताया कि बाजार में जरबेरा फूल की अच्छी मांग है और प्रत्येक फूल 3 से 8 रुपये तक बिकता है।
उपायुक्त ने जिला उद्यान पदाधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को व्यावसायिक फल एवं फूलों की खेती से जोड़ने तथा किसान उत्पादक संगठन, स्वयं सहायता समूह और सहकारिता समितियों के माध्यम से योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश भी उपस्थित रहे।
