29.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

राष्ट्रपति मुर्मु मोल्दोवा पहुंचीं, उप प्रधानमंत्री मिहाई पोपशोई ने किया स्वागत

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण में सोमवार को मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंचीं। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोल्दोवा के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मिहाई पोपशोई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली आधिकारिक यात्रा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सामाजिक माध्यम के जरिए राष्ट्रपति के मोल्दोवा पहुंचने की जानकारी दी। राष्ट्रपति सचिवालय ने भी बताया कि मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा के पहले चरण में राष्ट्रपति मुर्मु का चिशिनाउ में औपचारिक स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति माया सैंडू से करेंगी द्विपक्षीय वार्ता

राष्ट्रपति मुर्मु सोमवार को मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसू से मुलाकात करेंगी और भारत-मोल्दोवा संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। उनके व्यापार मंच को संबोधित करने और मोल्दोवा में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का भी कार्यक्रम है।

तीन देशों की राजकीय यात्रा पर हैं राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर हैं। यात्रा के दूसरे चरण में वह 21 जुलाई को उत्तर मैसेडोनिया पहुंचेंगी, जहां राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की से मुलाकात, संसद को संबोधित और भारत-उत्तर मैसेडोनिया व्यापार मंच में भाग लेंगी।

यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचेंगी। वहां वह राष्ट्रपति, अंतरिम प्रधानमंत्री और सीनेट अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी। साथ ही भारत-रोमानिया संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत, व्यापार मंच को संबोधित करने और भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का कार्यक्रम भी है।

Related Articles

नवीनतम लेख