गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं का समय रहते खंडन किया जाए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें। पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से निगरानी रखी जाए।
उन्होंने मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा।
डीजे की आवाज और कांवड़ की ऊंचाई पर नजर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार होनी चाहिए और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा में रखी जाए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ शिविरों में सुविधाओं की व्यवस्था
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और सात्विक भोजन की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर मांस और शराब की दुकानों को बंद रखने तथा इसकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों व बिजली लाइनों की विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सूचना विभाग के माध्यम से कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने को कहा।
