27.9 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे और दान प्रबंधन की उपराज्यपाल ने की समीक्षा

जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे और दान प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं के चढ़ावे के संग्रह, गिनती, लेखांकन, सुरक्षा और उपयोग की विस्तृत समीक्षा की गई।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर

उपराज्यपाल ने चढ़ावे और दान के प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दान पेटियों, दान काउंटरों, ऑनलाइन माध्यमों और बहुमूल्य धातुओं के रूप में प्राप्त चढ़ावे के सुरक्षित एवं पारदर्शी प्रबंधन की जानकारी दी।

बैठक में सत्यापन प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था, बैंकिंग सुरक्षा उपायों और नियमित लेखापरीक्षा प्रणाली की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि चढ़ावे और दान से जुड़े सभी वित्तीय लेनदेन निर्धारित बैंकिंग मानकों, वैधानिक प्रावधानों और भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जाते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर बोर्ड ने जताया संतोष

बैठक में बहुमूल्य धातुओं के रूप में प्राप्त चढ़ावे के सुरक्षित भंडारण, परिवहन, प्रसंस्करण और शोधन के लिए अपनाई गई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। यह कार्य भारतीय रिज़र्व बैंक और हैदराबाद स्थित भारतीय सरकारी टकसाल जैसे अधिकृत संस्थानों के माध्यम से किया जाता है। विस्तृत समीक्षा के बाद बोर्ड ने मौजूदा व्यवस्था की पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में श्राइन बोर्ड के सदस्य, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव, बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

Related Articles

नवीनतम लेख