33.4 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

अमेरिका-ईरान जंग से धधक उठा होर्मुज, ईरानी मिसाइल हमले में भारतीय क्रू मेंबर की मौत, कई घायल

तेहरान/वाशिंगटन । अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सैन्य टकराव अब एक भीषण युद्ध में तब्दील हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी सेना ने लगातार तीसरी रात ईरान के कई बंदरगाह शहरों पर जोरदार बमबारी की है। इस बीच, अमेरिकी हमले से बौखलाए ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल से बड़ा हमला कर दिया। इस भीषण हमले में जहाजी बेड़े (क्रू मेंबर) में शामिल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के टैंकरों पर मिसाइल अटैक

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि ईरानी मिसाइलों ने ओमान के समुद्री इलाके के पास होर्मुज जलडमरूमध्य में उनके दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया। इस हमले में:

  • 01 भारतीय नागरिक (क्रू मेंबर) की मौके पर ही मौत हो गई।

  • 08 अन्य क्रू मेंबर घायल हुए हैं, जिनमें से 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक हैं।

  • घायलों में से 4 की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। यूएई ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि उसे इस पर जवाबी सैन्य कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है।

ईरान के कई शहरों पर अमेरिका की भीषण बमबारी

अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीधे निर्देश पर अमेरिकी वायुसेना और ड्रोनों ने ईरान के प्रमुख बंदरगाह शहर बंदर अब्बास, इसके साथ ही किश, केशम और अबू मूसा द्वीपों पर एक साथ भीषण हमले किए। ईरानी मीडिया ने भी इन क्षेत्रों में रात भर हुए जोरदार धमाकों की पुष्टि की है। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के ऊपर अमेरिका के दर्जनों लड़ाकू विमान, खुफिया निगरानी विमान (जैसे E3-बी सेंट्री और पोसीडॉन P-8) और हवा में ईंधन भरने वाले टैंकर विमान (KC-135R) लगातार चक्कर काट रहे हैं।

ट्रंप का बड़ा बयान- “होर्मुज पर होगा अमेरिका का नियंत्रण”

एक कंजर्वेटिव रेडियो को दिए इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, “हम आज रात भी उन पर जोरदार हमला करने जा रहे हैं और कल भी यह जारी रहेगा। ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समझौतों का पालन नहीं किया है।” ट्रंप ने दावा किया कि अंततः होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूर्ण नियंत्रण होगा। इसके साथ ही उन्होंने इजराइल, सऊदी अरब, कतर और यूएई जैसे सहयोगी देशों का नाम लेते हुए कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में जिनकी मदद कर रहा है, उन्हें इसका सैन्य खर्च चुकाना होगा।

वैश्विक संकट: कच्चे तेल की कीमतों में 9% का उछाल, हूती भी सक्रिय

इस महायुद्ध का असर अब पूरी दुनिया पर दिखने लगा है। सेंटकॉम द्वारा मंगलवार शाम से ईरानी बंदरगाहों की पूर्ण नौसैनिक नाकाबंदी (Naval Blockade) की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में 9 प्रतिशत से ज्यादा की भारी बढ़ोतरी हो गई है।

दूसरी ओर, इस जंग की आग पड़ोसी देशों में भी फैल गई है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच अनौपचारिक युद्धविराम पूरी तरह खत्म हो गया है। सऊदी अरब ने हूतियों की एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में मार गिराया, जबकि हूतियों का दावा है कि सऊदी अरब के हवाई हमलों में यमन के सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया है। मिडिल ईस्ट में उपजे इस गंभीर संकट पर भारत सहित पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख