33.4 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

नई दिल्ली: केन्द्रीय मंत्रियों ने चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया की पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के चौथे सरसंघचालक प्रो. राजेंद्र सिंह जी उपाख्य ‘रज्जू भैया’ की पुण्यतिथि पर मंगलवार को देश के कई वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्रियों और राजनेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने रज्जू भैया को एक असाधारण संगठनकर्ता, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और सादगी का प्रतीक बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र अभिवादन!”

वहीं, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रज्जू भैया के बहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भौतिकी (Physics) के विद्वान, कुशल शिक्षाविद् और एक असाधारण संगठनकर्ता थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन के कल्याण के लिए समर्पित था। रक्षामंत्री ने आगे कहा कि रज्जू भैया स्वदेशी, ग्रामोदय (ग्रामीण विकास) और आत्मनिर्भर भारत के प्रबल समर्थक थे। उनके द्वारा स्थापित सादगी और सेवा के आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रवाद की राह पर चलने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

शिवराज सिंह चौहान बोले- ‘तपस्वी की भांति व्यतीत किया जीवन’

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रज्जू भैया को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए अपना संपूर्ण जीवन एक सच्चे तपस्वी की भांति व्यतीत किया। उन्होंने अपने जीवनकाल में असंख्य स्वयंसेवकों को देश सेवा के महान कार्य के लिए तैयार किया। रज्जू भैया ने सेवा की जो पवित्र ज्योति जन-जन के हृदय में प्रज्ज्वलित की है, वह हम सबको सदैव देश एवं समाज की उन्नति के लिए प्रेरित करती रहेगी।

गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल ने किया नमन

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने संदेश में कहा कि संघ की सेवा में आजीवन समर्पित, कर्मठता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक चिह्न रज्जू भैया प्रत्येक संघकर्मी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

वहीं, विधि, न्याय एवं संसदीय कार्य मामलों के मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने उन्हें कोटिशः नमन करते हुए कहा कि माँ भारती के अनन्य उपासक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और शिक्षाविद् प्रो. राजेन्द्र सिंह ‘रज्जू भैया’ का जीवन राष्ट्र के प्रति निष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण है।

Related Articles

नवीनतम लेख