30.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

चीन: जूता फैक्टरी में भीषण आग, 28 लोगों की मौत

बीजिंग। चीन के दक्षिण-पूर्वी फ़ुज़ियान प्रांत के जिनजियांग शहर स्थित एक जूता फैक्टरी में भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय फैक्टरी में 239 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से 211 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फैक्टरी में फंसे कर्मचारी, कई घंटों बाद आग पर काबू

सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, आग गुरुवार दोपहर जूता निर्माता कंपनी की बहुमंजिला फैक्टरी में लगी। आग तेजी से फैलने के कारण कई कर्मचारी इमारत की छत पर फंस गए। बचाव दल ने अधिकांश कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दो कर्मचारियों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि लापता 26 अन्य कर्मचारियों के शव बाद में बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग फैक्टरी के निचले तल से शुरू हुई। जूता निर्माण में उपयोग होने वाली ज्वलनशील सामग्री और चिपकाने वाले रसायनों के कारण आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई। वहीं, सीढ़ियों पर रखा सामान बचाव कार्य में बाधा बना।

दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। देर शाम तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा और दमकलकर्मी लगातार पानी का छिड़काव करते रहे।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने राहत एवं बचाव अभियान में हरसंभव प्रयास करने और दुर्घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा देशभर में औद्योगिक सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी संबंधित विभागों को कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद फैक्टरी के जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया गया है। कंपनी के बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए गए हैं। आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने जांच के लिए विशेष टीम भेजी है, जबकि फ़ुज़ियान प्रांतीय प्रशासन राहत एवं उपचार कार्यों की निगरानी कर रहा है।

जिनजियांग चीन के सबसे बड़े जूता और परिधान निर्माण केंद्रों में शामिल है और इसे देश की “जूता राजधानी” के रूप में भी जाना जाता है।

Related Articles

नवीनतम लेख