जम्मू। वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा के छठे जत्थे के तहत मंगलवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रिकॉर्ड 8,815 तीर्थयात्री रवाना हुए। यह इस यात्रा सीजन में अब तक एक दिन में रवाना होने वाली श्रद्धालुओं की सबसे बड़ी संख्या है।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी तीर्थयात्री कड़ी सुरक्षा के बीच 363 वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम के दोनों बेस कैंपों के लिए रवाना हुए। इनमें से 3,989 यात्री बालटाल रूट के लिए और 4,826 यात्री पारंपरिक पहलगाम रूट के लिए अलसुबह रवाना हुए। इस जत्थे में 5,831 पुरुष, 2,193 महिलाएं, 30 बच्चे, 730 साधु-साध्वियां और 31 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
3 जुलाई से शुरू हुई इस 57 दिवसीय यात्रा में श्रद्धालुओं का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शुरुआती चार दिनों के भीतर ही 86,000 से अधिक भक्त 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
