कोलकाता। पश्चिम बंगाल की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव 24 जुलाई को होगा। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि मतदान और मतगणना दोनों 24 जुलाई को ही संपन्न होंगे, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
14 जुलाई तक दाखिल होंगे नामांकन
निर्वाचन आयोग के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 17 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
ये सीटें पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदुशेखर राय, सुस्मिता देव और प्रकाशचिक बराइक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई हैं।
तीनों सांसदों ने दिया था इस्तीफा
सबसे पहले 8 जून को सुखेंदुशेखर राय ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 10 जून को सुस्मिता देव और 11 जून को प्रकाशचिक बराइक ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया। तीनों नेताओं के इस्तीफे के बाद इन सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
संख्या बल को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज
विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। विभिन्न दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। हालांकि, उपचुनाव का अंतिम परिणाम उम्मीदवारों के चयन और मतदान के दौरान विधायकों के समर्थन पर निर्भर करेगा।
