28 C
Kolkata
Tuesday, July 7, 2026

7 साल के मासूम की आंख फोड़कर हत्या, तालाब से मिला शव; परिजनों ने दो लोगों पर जताया शक

नवादा। बिहार के नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बौरी गांव निवासी रामबाबू चौधरी के सात वर्षीय पुत्र आर्यन राज का शव गांव के पास तालाब से बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की आंख फोड़कर हत्या की गई और शव को तालाब में फेंक दिया गया।

तालाब से मिला शव, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे आर्यन घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद शाम करीब आठ बजे गांव के पश्चिम स्थित कब्रिस्तान के समीप तालाब से उसका शव बरामद किया गया। बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशीचक ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर काशीचक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार को वारिसलीगंज-काशीचक मुख्य मार्ग पर शव रखकर करीब चार घंटे तक जाम लगाया। प्रदर्शनकारियों ने डॉग स्क्वायड से जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। डीएसपी के आश्वासन और डॉग स्क्वायड के पहुंचने के बाद जाम समाप्त हुआ।

एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने देर रात घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल के अलावा कब्रिस्तान और एक बगीचे तक जांच की। पुलिस वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

परिजनों ने दो लोगों पर जताया शक

डीएसपी सुजय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मृतक के पिता रामबाबू चौधरी के आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

वहीं, मृतक की मां पिंकी देवी और पिता रामबाबू चौधरी ने कुर्बान और मिथुन रविदास पर संदेह जताते हुए कहा कि इन दोनों से पूछताछ और गिरफ्तारी होने पर घटना का खुलासा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख