28 C
Kolkata
Tuesday, July 7, 2026

धनारजय नदी में दफन मिला हत्या का राज, कुत्तों ने उखाड़ी बालू तो मिला विवाहिता का शव

नवादा। धनारजय नदी में बालू के नीचे दफन एक विवाहिता का शव मिलने से सोमवार को नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोबघटी गांव निवासी प्रमिला देवी के रूप में हुई, जिनकी गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज था।

कुत्तों ने खोला दफन हत्या का राज

घटना सिरदला थाना क्षेत्र के राजन पंचायत स्थित पैक्स गोदाम के पास बैजनाथपुर और राजन गांव के बीच धनारजय नदी की है। ग्रामीण सोमवार सुबह नदी किनारे पहुंचे तो देखा कि कई कुत्ते बालू को नोच रहे थे। पास जाकर देखने पर बालू के नीचे दबे महिला के शव का चेहरा दिखाई दिया। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही सिरदला थाना पुलिस, अकबरपुर पुलिस, रजौली डीएसपी गुलशन कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

परिजनों ने पति समेत चार लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के पिता उमेश बिन और माता मुन्ना देवी ने आरोप लगाया कि करीब दस वर्ष पहले प्रमिला की दूसरी शादी शंकर कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि पति शंकर कुमार, उसके भाई राजेश कुमार, राजन और उनके पिता ने मिलकर प्रमिला की हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के लिए शव को धनारजय नदी में बालू के नीचे दफना दिया।

परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई को विवाद की सूचना मिलने पर वे बेटी के घर पहुंचे थे। घर के बाहर ताला लगा था, जबकि अंदर पंखा चल रहा था। पुलिस की मौजूदगी में घर खोला गया, लेकिन प्रमिला और उसका पति दोनों गायब मिले। इसके बाद 4 जुलाई को अकबरपुर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सोमवार को नदी से शव मिलने पर परिजनों ने साड़ी और हाथ पर बने गोदने से उसकी पहचान की।

सिरदला थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख