मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें शुक्रवार रात ठाणे के जुपिटर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, शनिवार सुबह से उनकी विभिन्न चिकित्सीय जांचें की जा रही हैं और वर्तमान में उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
वायरल फीवर और कमजोरी की शिकायत
शिवसेना (शिंदे गुट) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उपमुख्यमंत्री शुक्रवार से ही अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। दोपहर में विधानसभा सत्र के दौरान उन्हें अत्यधिक कमजोरी महसूस हुई थी। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दवाइयां दी गई थीं, लेकिन रात में आराम न मिलने और वायरल फीवर के चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
अत्यधिक व्यस्तता के कारण बिगड़ी सेहत, आगामी दौरे रद्द
विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। बताया जा रहा है कि राज्य में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और निरंतर भागदौड़ के कारण वे पिछले कई दिनों से पर्याप्त आराम नहीं कर पाए थे। डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है, जिसके चलते उनके आगामी सभी राजनीतिक दौरे और पूर्व निर्धारित कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं।
