रांची। राजधानी रांची में पहली बार आयोजित होने जा रहे प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टूर्नामेंट के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर
बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात), सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के उप निदेशक, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, मेजर आनंद प्रकाश समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए टूर्नामेंट के दौरान स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग, यातायात डायवर्जन और सुचारु आवागमन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा।
दर्शकों की सुविधा और आपातकालीन सेवाओं पर फोकस
उपायुक्त ने मेडिकल टीम, अग्निशमन दल और अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर बल दिया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और समन्वित प्रयासों से रांची में पहली बार आयोजित हो रहे डूरंड कप 2026 को सफल एवं यादगार बनाने का निर्देश दिया।
