29.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

जमशेदपुर बंद पर विपक्ष का हमला, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

रांची/पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर में डीडी हत्याकांड और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को आयोजित बंद को लेकर विधायक सरयू राय और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया। विपक्ष ने कहा कि बंद पूरी तरह स्वैच्छिक रहा और राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

सरयू राय बोले- जनता ने स्वेच्छा से दिया समर्थन

विधायक सरयू राय ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि आम जनता का बंद था। लोगों ने अपराध के खिलाफ अपनी नाराजगी जताते हुए स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और शहर में सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही भी कम रही।

उन्होंने कहा कि जनता ने उनके आह्वान को अपना आंदोलन मानते हुए सहयोग किया। बंद के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। केवल बिष्टुपुर स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास बंद समर्थकों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक हुई, जो शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गई।

सरयू राय ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और कानून का भय समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने नए वरीय पुलिस अधीक्षक से प्रभावी कार्रवाई कर आम लोगों का विश्वास बहाल करने की अपेक्षा जताई।

भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने रांची में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि जमशेदपुर और आदित्यपुर बंद को जनता का अभूतपूर्व और स्वतःस्फूर्त समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल भाजपा का नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने दावा किया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेला-खोमचा संचालकों सहित समाज के सभी वर्गों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया। भाजपा ने इसे सरकार के लिए स्पष्ट संदेश बताते हुए कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

भाजपा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है। अमर बाउरी ने पुलिस व्यवस्था, अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों के बढ़ते कारोबार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने जमशेदपुर की घटना में पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ राज्यव्यापी सख्त अभियान चलाने की मांग की।

Related Articles

नवीनतम लेख