जम्मू। वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। बालटाल और नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप से श्रद्धालुओं का पहला जत्था बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा की ओर रवाना हुआ। वहीं जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 3,865 श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कश्मीर घाटी के लिए रवाना किया गया।
बारिश के बीच ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के साथ शुरू हुई यात्रा
अधिकारियों के अनुसार, रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से तड़के यात्रा शुरू हुई। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूरा वातावरण “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंज उठा।
201 वाहनों में रवाना हुए श्रद्धालु
भगवती नगर से रवाना हुए दूसरे जत्थे में 2,965 पुरुष, 618 महिलाएं, 230 साधु, 48 साध्वियां और चार बच्चे शामिल हैं। श्रद्धालु 201 वाहनों में यात्रा कर रहे हैं, जिनमें 83 बसें, 14 मध्यम मोटर वाहन और 104 हल्के मोटर वाहन शामिल हैं।
इनमें से 1,735 श्रद्धालु बालटाल मार्ग के लिए सुबह 3:13 बजे रवाना हुए, जबकि 2,130 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग के लिए सुबह 3:38 बजे निकले। कुल 115 वाहन बालटाल और 86 वाहन पहलगाम बेस कैंप की ओर भेजे गए।
दो दिनों में 8,687 श्रद्धालु हुए रवाना
यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए पुलिस, सीआरपीएफ तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की बहुस्तरीय तैनाती की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को दूसरे जत्थे के रवाना होने के साथ ही पिछले दो दिनों में जम्मू से कुल 8,687 श्रद्धालु श्री अमरनाथ यात्रा के लिए कश्मीर घाटी रवाना हो चुके हैं।
इस वर्ष 57 दिनों तक चलने वाली पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा।
