37 C
Kolkata
Monday, June 29, 2026

पाकिस्तान का बड़ा एक्शन: अफगान सीमा पर हवाई हमला, 25 आतंकियों को किया ढेर, कई ठिकाने तबाह

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की संघीय सरकार ने कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हुए हमले का करारा जवाब दिया है। सुरक्षा बलों ने 28 और 29 जून की दरमियानी रात को अफगान सीमा पर भीषण हवाई हमले (Air Strikes) किए, जिसमें 25 आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया गया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर (ISPR) के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।

कराची और खैबर पख्तूनख्वा हमलों का लिया बदला

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अलग-अलग ऑपरेशन्स में अब तक कुल 29 आतंकवादियों को ढेर किया जा चुका है। यह जवाबी कार्रवाई हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा, बलोचिस्तान और कराची में रेंजर्स मुख्यालय पर हुए आतंकी हमलों के बाद की गई है।

इस सिलसिले में सुरक्षा बलों ने 28 जून को बाजौर जिले में भी चार आतंकियों को मार गिराया था, जिसमें प्रतिबंधित संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ का खूंखार कमांडर खान फरोश उर्फ जबाल भी शामिल था। आईएसपीआर के अनुसार, मारा गया यह कमांडर एक विदेशी नागरिक था।

अफगान सीमा के अंदर तीन बड़े ठिकाने नेस्तनाबूद

सूचना मंत्री तरार के अनुसार, पाकिस्तानी वायुसेना ने सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय आतंकी कैंपों को निशाना बनाकर सटीक हवाई हमले किए।

  • इस ऑपरेशन के दौरान अफगान सीमा के भीतर पक्तिका और कुनार में स्थित तीन प्रमुख आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।

  • हवाई हमले में 25 आतंकवादी मौके पर ही मारे गए

  • इन ठिकानों पर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में आधुनिक हथियार और गोला-बारूद का जखीरा भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

शुरू हुआ ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’

पाकिस्तान ने देश से आतंकवाद के सफाये के लिए अब ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ की शुरुआत की है। मंत्री तरार ने साफ किया कि सुरक्षा बलों का यह कड़ा अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए दावा किया कि 2021 में जब से अफगान तालिबान सत्ता में आया है, तब से पाकिस्तान में आतंकी घटनाओं में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान प्रांतों में अशांति फैलाने के लिए सीधे तौर पर अफगान तालिबान जिम्मेदार है।

Related Articles

नवीनतम लेख