27 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

जोन्हा फॉल पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पत्नी संग लिया प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को पत्नी कल्पना सोरेन, परिवार के सदस्यों और करीबी मित्रों के साथ प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे। उनके साथ सिल्ली की पूर्व विधायक सीमा महतो भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने करीब छह घंटे तक जोन्हा फॉल में समय बिताया और प्राकृतिक वादियों के बीच सुकून के पल बिताए।

प्राकृतिक धरोहर को बताया झारखंड की पहचान

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि हरी-भरी वादियों के बीच समय बिताने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद लिया और आसपास के लोगों से भी बातचीत की।

उन्होंने कहा कि जोन्हा फॉल की निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत वातावरण यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्राकृतिक धरोहर सभी की साझा विरासत है, जिसे संरक्षित और सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने देशभर के पर्यटकों को झारखंड आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और आतिथ्य हर सैलानी के लिए यादगार अनुभव बनता है।

कल्पना सोरेन ने ली सेल्फी, पर्यटकों की आवाजाही रही प्रभावित

जोन्हा फॉल की खूबसूरती से प्रभावित कल्पना सोरेन ने कहा कि यहां की प्राकृतिक छटा उन्हें हर बार अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने झरने के मनमोहक दृश्य के बीच तस्वीरें और सेल्फी भी लीं तथा प्राकृतिक वातावरण का आनंद उठाया।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए जोन्हा फॉल जाने वाले दोनों मार्गों पर आम पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई। रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक फॉल पहुंचे थे, लेकिन प्रवेश पर अस्थायी रोक के चलते कई लोगों को वापस लौटना पड़ा।

Related Articles

नवीनतम लेख