35.9 C
Kolkata
Sunday, June 28, 2026

सोनू सूद और डॉ. प्रेमासाई महाराज की भेंट: बस्तर में शुरू होंगे बड़े जनसेवा कार्य

दुर्ग / रायपुर। प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद और माँ मातंगी दिव्य धाम (जामगांव) के पूज्य पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज के बीच शनिवार की देर शाम एक आत्मीय भेंट और सार्थक संवाद हुआ। इस मुलाकात के दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसंरक्षण और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद को आशीर्वाद दिया और छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर उनका अभिनंदन किया। साथ ही, उन्हें माँ मातंगी दिव्य धाम में आगामी समय में आयोजित होने वाले माँ कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होने का स्नेहपूर्वक आमंत्रण दिया, जिसे अभिनेता ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सेवा के नए अभियान की रूपरेखा

संवाद के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने सोनू सूद के नेतृत्व में ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ द्वारा देशभर में किए जा रहे मानवसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि धाम के माध्यम से बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहायता, अस्थमा के निःशुल्क उपचार सहित आध्यात्मिक स्वास्थ्य सेवा, आर्थिक सहयोग और गौसंरक्षण जैसे कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।

शुरू होगा “माँ मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान

डॉ. प्रेमासाई महाराज ने भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि आगामी समय में “माँ मातंगी शिक्षा रत्न” सम्मान प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही, धाम में आने वाले बच्चों के लिए नैतिक शिक्षा एवं संस्कार की एक घंटे की विशेष कक्षाएं शुरू करने की योजना है, जिससे बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव का विकास हो सके।

बस्तर के आदिवासी अंचलों में मिलकर करेंगे काम

बस्तर क्षेत्र में जनसेवा कार्यों के विस्तार को लेकर दोनों पक्षों के बीच बेहद सकारात्मक चर्चा हुई। माँ मातंगी दिव्य धाम द्वारा यह विश्वास व्यक्त किया गया कि बस्तर क्षेत्र में सूद चैरिटी फाउंडेशन की शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आदिवासी अंचलों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी गतिविधियों में हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि सेवा का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

सोनू सूद बोले— सेवा ही समाज को जोड़ने का माध्यम

इस मौके पर अभिनेता सोनू सूद ने भी विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं और आदिवासी अंचलों के उत्थान के लिए वे अपने चैरिटी कार्यों के माध्यम से निरंतर योगदान देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही समाज को जोड़ने और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

अब माँ मातंगी दिव्य धाम और सूद चैरिटी फाउंडेशन भविष्य में सेवा, सहयोग और मानव कल्याण के साझा उद्देश्य के साथ मिलकर बस्तर सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनहितकारी अभियान संचालित करेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख