नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण में देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 का आधा समय बीतने को है और बीते छह महीनों में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जून का महीना भारत के लिए अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियों और प्रेरणादायक पहलों का साक्षी रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश को नई ऊर्जा दे रहे हैं।
स्वदेशी रक्षा क्षमता में भारत की ऊंची छलांग
प्रधानमंत्री ने देश की मजबूत होती सैन्य शक्ति का जिक्र करते हुए तीन बड़ी उपलब्धियां गिनाईं:
-
नए युद्धपोत: भारतीय नौसेना के बेड़े में तीन नए स्वदेशी युद्धपोत शामिल किए गए हैं, जिनका डिजाइन और निर्माण पूरी तरह भारत में हुआ है।
-
सी-295 विमान: भारत में निर्मित सी-295 सैन्य परिवहन विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान भरी है। देश में ऐसे 40 विमानों का निर्माण होना है, जिससे एमएसएमई (MSME) सेक्टर और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
-
क्रूज मिसाइल: डीआरडीओ (DRDO) द्वारा स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया है, जो अत्याधुनिक सैन्य तकनीक में भारत के बढ़ते कदमों को दर्शाता है।
योग का वैश्विक डंका और चैंपियनशिप में 114 पदक
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष विश्व के 2500 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके साथ ही उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित ‘विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026’ में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। भारतीय एथलीटों ने इस प्रतियोगिता में कुल 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण (Gold) पदक शामिल हैं।
असम की ‘हरगिला आर्मी’ ने बदला समाज का नजरिया
प्रधानमंत्री ने असम में दुर्लभ हरगिला पक्षी के संरक्षण के लिए चल रहे अभियान की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि पहले इस पक्षी को अशुभ मानकर लोग इसके पेड़ काट देते थे। लेकिन जीव-वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन और स्थानीय महिलाओं के प्रयासों से बनी ‘हरगिला आर्मी’ ने जागरूकता फैलाकर इस रूढ़िवादी सोच को बदला। आज यह पक्षी वहां के समुदाय के लिए गर्व का प्रतीक बन चुका है।
नागालैंड में फुटबॉल और फुटसल की नई क्रांति
पूर्वोत्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली दो प्रमुख पहलों की पीएम मोदी ने जमकर तारीफ की:
-
नागालैंड बेबी लीग: 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए शुरू की गई इस फुटबॉल लीग के तीन साल पूरे हो चुके हैं, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा निखर रही है।
-
नागालैंड वूमेन फुटसल लीग: यह लीग राज्य की बेटियों को अपनी रफ्तार और तकनीकी क्षमता दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है।
मात्र 20 रुपये में सुरक्षा: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की सफलता
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की दो बड़ी बीमा योजनाओं के आंकड़े साझा करते हुए लोगों से इन्हें हर जरूरतमंद तक पहुंचाने की अपील की:
-
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना: मात्र ₹20 के वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का दुर्घटना बीमा देने वाली इस योजना से अब तक 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।
-
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना: ₹436 के वार्षिक प्रीमियम पर ₹2 लाख का जीवन बीमा कवर देने वाली इस योजना से 27 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं।
शादी के तोहफे में बांटा बीमा: बहादुरपुरा गांव की अनूठी मिसाल
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बहादुरपुरा गांव के पेठकर परिवार की एक प्रेरक पहल का जिक्र किया। इस परिवार ने शादी के जश्न में फिजूलखर्ची या पारंपरिक उपहारों की जगह गांव के करीब 3,500 लोगों का ₹1-१ लाख का दुर्घटना बीमा कराया। प्रधानमंत्री ने इस संवेदनशीलता की सराहना करते हुए देशवासियों से अपने जीवन के विशेष अवसरों को समाजहित से जोड़ने का आह्वान किया।
