पश्चिमी सिंहभूम। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोनपोखरी गांव स्थित मुंडा टोला में खेत से मिले संदिग्ध विस्फोटक को शुक्रवार को भारतीय सेना की बम निष्क्रियकरण एवं निस्तारण (बीडीडीएस) टीम ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। पूरी कार्रवाई पुलिस और प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई, जिससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
20 से 25 किलो वजनी था विस्फोटक
जानकारी के अनुसार, विजय मुंडा के खेत से मिला संदिग्ध विस्फोटक करीब 56 सेंटीमीटर लंबा, 42.5 सेंटीमीटर व्यास का और लगभग 20 से 25 किलोग्राम वजनी था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पहले ही क्षेत्र की घेराबंदी कर विस्फोटक को सुरक्षित रखा था, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
सुरक्षा मानकों के बीच हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक, मनोहरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेबिट धोरे, थाना प्रभारी धनंजय बैठा, अंचलाधिकारी, स्थानीय मुखिया और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में भारतीय सेना की बीडीडीएस टीम ने निर्धारित सुरक्षित स्थान पर विस्फोटक को सफलतापूर्वक नष्ट किया।
प्रशासन ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया। अभियान के दौरान किसी भी ग्रामीण की जान-माल को नुकसान नहीं पहुंचा और ऑपरेशन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से पूरा किया गया।
