38.2 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

फीफा विश्व कप 2026: ब्राजील का अंतिम 32 में जापान से होगा सामना

नई दिल्ली । फीफा विश्व कप 2026 के अंतिम 32 (राउंड ऑफ 32) का एक और हाई-प्रोफाइल मुकाबला तय हो गया है। पांच बार की रिकॉर्ड विश्व चैंपियन ब्राजील का सामना अब नॉकआउट चरण में एशियाई दिग्गज जापान से होगा। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह रोमांचक मुकाबला 29 जून को अमेरिका के ह्यूस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे होगी।

जापान ने स्वीडन को रोका, ब्राजील अपने ग्रुप में रहा शीर्ष पर

जापान ने ग्रुप एफ के अपने अंतिम बेहद कड़े मुकाबले में स्वीडन के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। इस ड्रॉ की बदौलत चार अंक हासिल कर जापान ने नीदरलैंड के बाद ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम 32 का टिकट पक्का किया। दूसरी ओर, हमेशा की तरह खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही ब्राजील की टीम ने ग्रुप सी में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया है। इसी ग्रुप से दूसरे स्थान पर रहने वाला मोरक्को अब अंतिम 32 में नीदरलैंड की चुनौती का सामना करेगा।

अक्टूबर 2025 में जापान ने रचा था इतिहास

ब्राजील और जापान के बीच फुटबॉल के मैदान पर हालिया इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है। दोनों टीमों के बीच पिछली भिड़ंत अक्टूबर 2025 में एक अंतरराष्ट्रीय मैत्री (फ्रेंडली) मैच के दौरान हुई थी, जहां जापान ने ब्राजील को 3-2 से हराकर फुटबॉल जगत को चौंकाते हुए इतिहास रचा था। 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में ब्राजील के खिलाफ जापान की वह पहली ऐतिहासिक जीत थी, जिससे जापानी टीम का हौसला सातवें आसमान पर है।

दो दशक बाद विश्व कप के मंच पर आमने-सामने

फुटबॉल विश्व कप के इतिहास पर नजर डालें तो दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक बार टक्कर हुई है। वर्ष 2006 के विश्व कप में ब्राजील ने एकतरफा मुकाबले में जापान को 4-1 से करारी शिकस्त दी थी। अब लगभग दो दशक (20 साल) बाद दोनों महाशक्तियां फिर से विश्व कप के महामंच पर आमने-सामने होंगी। जहां एक तरफ जापानी टीम अपनी पिछली फ्रेंडली मैच की जीत का आत्मविश्वास लेकर मैदान पर उतरेगी, वहीं ब्राजील विश्व कप में अपने दबदबे और शानदार रिकॉर्ड को हर हाल में कायम रखने की कोशिश करेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख