38.2 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

वेनेजुएला भूकंप : 235 लोगों की मौत और 1500 से अधिक घायल

काराकस । दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए एक बेहद शक्तिशाली और विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। मात्र चालीस सेकंड के भीतर महसूस किए गए दो भीषण झटकों के कारण कई इमारतें मलबे में तब्दील हो गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 1500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.2 मापी गई, जिसके तुरंत बाद 7.5 तीव्रता का एक और तगड़ा झटका (आफ्टरशॉक) महसूस किया गया।

मलबे में जिंदगियों की तलाश, मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रभावित इलाकों में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। बचाव दल ढह चुकी गगनचुंबी इमारतों के मलबे में दबे जीवित लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे हैं। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के ऑटोमेटेड हजार्ड असेसमेंट सिस्टम ने प्रभावित क्षेत्रों में संभावित भूस्खलन और लिक्विफैक्शन (मिट्टी के तरल होने की प्रक्रिया) की चेतावनी जारी की है। एजेंसी का अनुमान है कि मलबे की भयावहता को देखते हुए मरने वालों की संख्या हजारों में पहुंच सकती है, जिसकी 42 प्रतिशत संभावना जताई गई है। साथ ही, इससे 10 बिलियन से 100 बिलियन डॉलर के भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा है।

बोकोनो फॉल्ट के पास पैदा हुआ टेक्टोनिक तनाव

भू-वैज्ञानिकों के अनुसार, वेनेजुएला भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्र में स्थित है। यह देश कैरिबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सीमाओं पर बसा है, जो विपरीत दिशाओं में गति करती हैं। ताजा भूकंप देश के सबसे सक्रिय और खतरनाक ‘बोकोनो फॉल्ट’ के पास आया है। वेनेजुएला के भूकंपीय अनुसंधान फाउंडेशन की रिपोर्ट बताती है कि देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी ऐसे इलाकों में रहती है, जहां भूकंप का खतरा सबसे अधिक है। इससे पहले साल 1967 में काराकस में आए भूकंप में 240 लोग और 1812 के ऐतिहासिक भूकंप में करीब 30,000 लोग मारे गए थे।

अंतरराष्ट्रीय मदद की पेशकश, हवाई उड़ानें ठप

इस भीषण आपदा के बाद वेनेजुएला को वैश्विक स्तर पर मानवीय सहायता के कई प्रस्ताव मिले हैं। ‘इन्टरनेशनल फेडरेशन ऑफ द रेडक्रॉस’ ने वेनेजुएला के लिए 40 टन शुरुआती राहत सामग्री भेजने के साथ इमरजेंसी लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं, सुरक्षा कारणों से अमेरिका और यूरोप की प्रमुख एयरलाइंस जैसे इबेरिया, एयर यूरोपा, कोपा एयरलाइंस, एवियांका और लाताम ने काराकस के लिए अपनी सभी उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी हैं।

अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ

अमेरिकी प्रशासन ने वेनेजुएला के प्रति अपना समर्थन दोहराते हुए खोज और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता नतालिया मोलानो ने जानकारी दी कि आपदा के शुरुआती घंटों में ही व्हाइट हाउस ने वेनेजुएला के लिए जरूरी संसाधन जुटाने हेतु विभिन्न संघीय एजेंसियों के बीच एक समन्वित राहत प्रतिक्रिया शुरू कर दी थी ताकि मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द बचाया जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख