रांची। झारखंड के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी ने संयुक्त पहल शुरू की है। चैंबर भवन में आयोजित स्किल डेवलपमेंट उप समिति की बैठक में दोनों संस्थाओं के बीच प्रस्तावित एमओयू और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।
15 जुलाई से शुरू होगा मेगा जॉब फेयर
बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड चैंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस अभियान के तहत पैन इंडिया स्तर पर करीब 12 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। जॉब फेयर का पहला चरण 15 जुलाई से अगस्त के पहले सप्ताह तक चलेगा, जिसमें युवाओं का पंजीकरण, चयन और रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेंगे प्रशिक्षित उम्मीदवार
फेडरेशन अपने सदस्य उद्योगों और प्रतिष्ठानों से उनकी मैनपावर जरूरतों का विवरण एक गूगल फॉर्म के माध्यम से प्राप्त करेगा। इसके आधार पर स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित और योग्य अभ्यर्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। बैठक में उद्योग आधारित कौशल विकास के लिए प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान और रोजगार बढ़ाने की रणनीति पर भी सहमति बनी।
चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ और महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह पहल स्किल्ड और अनस्किल्ड युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं उप समिति के चेयरमैन प्रियंक भगत ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योगों और युवाओं के बीच मजबूत सेतु का काम करेगा।
बैठक में सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, रमेश साहू, दिलीप साहू, ज्योति सिंह, शशांक राज समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
