29.7 C
Kolkata
Sunday, June 14, 2026

कोकर में युवक की हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

रांची । रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित गितिल कोचा में एक युवक की हत्या मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिंकु बड़ाईक और कार्तिक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नौ जून को सदर थाना क्षेत्र के गितिल कोचा में 29 वर्षीय आशिष लकड़ा पर अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल आशिष लकड़ा को तत्काल पुलिस की सहायता से इलाज के लिए रिम्स भेजा गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद दस जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के भाई बिराज लकड़ा के फर्दबयान के आधार पर सदर थाना में कांड संख्या 268/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की। इसके बाद पुलिस को मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर रिंकु बड़ाईक और कार्तिक कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन दोनों पक्ष एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने आक्रोश में आकर आशिष लकड़ा पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी बाद में मौत हो गई।

डीएसपी केवी रमण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस मामले के खुलासे में गठित विशेष छापेमारी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में डीएसपी संजीव बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, चंदन कुमार, दीपक नारायण सिंह, दीपक राणा, विकास प्रसाद, जमील अंसारी तथा सदर थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Related Articles

नवीनतम लेख