39.3 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

पुलिस ने रात 3 बजे अभिषेक बनर्जी के घर पर दी दस्तक, आरोप- दरवाजा तोड़कर घुसी पुलिस

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार देर रात 3 बजे छापा मारा। पुलिस टीम सेंट्रल फोर्स के जवानों के साथ पहुंची थी। पुलिस अधिकारी अंदर गए, जवान गेट के बाहर पहरा देते रहे। तलाशी अभियान करीब 4 घंटे तक चला। पुलिस अभिषेक बनर्जी के कार्यकारी सहायक सुमित रॉय की तलाश में पहुंची थी, जो एक मामले में फरार बताए जा रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में की गई। यह छापेमारी ऐसे समय हुई, जब महज दो दिन पहले पश्चिम बंगाल सीआईडी ने राज्य विधानसभा से जुड़े कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में बनर्जी से कई घंटे पूछताछ की थी।

वहां पर केस किसने दर्ज कराया, उसमें अभिषेक आरोपी हैं कि नहीं। इसके बारे में पुलिस सूत्रों ने कुछ नहीं बताया। हालांकि, शनिवार सुबह घर से बाहर आकर अभिषेक ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ताला तोड़कर घर में घुसे और हर कमरे की तलाशी ली। अभिषेक बनर्जी के घर छापेमारी ऐसे वक्त की गई जब फर्जी हस्ताक्षर मामले में उनके खिलाफ सीआईडी जांच जारी है।

टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने X पर लिखा कि तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ नहीं मिला। बस राजनीतिक बदले की भावना, डराना-धमकाना और मानसिक प्रताड़ना। ‘ऑपरेशन लोटस’ उन सभी नेताओं को निशाना बना रहा है जो भाजपा के आदेशों के आगे झुकने से इनकार करते हैं। विपक्ष के खिलाफ बदले की भावना से किया गया काम है। यह घटिया हरकत है। शर्म की बात है।

ममता बनर्जी भी पहुंचीं मौके पर : छापेमारी की खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपने हरिश चटर्जी स्ट्रीट स्थित आवास से तुरंत मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम वहां से रवाना हो गई। बाद में अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा बलों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर उनके घर में प्रवेश किया और तलाशी ली।

लगातार तीन दिनों तक जांच एजेंसियों के सामने होंगे पेश : अभिषेक बनर्जी को 14, 15 और 16 जून को तीन अलग-अलग मामलों में दो जांच एजेंसियों के समक्ष पेश होना है।

  • 14 जून: राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेताओं की नियुक्ति से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर कुछ टीएमसी विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित गड़बड़ी के मामले में सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन में अभिषेक बनर्जी से पूछताछ होनी है। गौरतलब है कि इस मामले में गुरुवार को भी अभिषेक बनर्जी सीआईडी के सामने पेश हुए थे और उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ हुई थी।
  • 15 जून: बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले (कैश-फॉर-स्कूल-जॉब) मामले में प्रवर्तन निदेशालय के साल्ट लेक कार्यालय में पेशी।
  • 16 जून: विधानसभा चुनावों से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने और हिंसा भड़काने के आरोपों से जुड़े मामले में फिर सीआईडी पूछताछ करेगी।
ताला तोड़कर घर में घुसने का आरोप : टीएमसी ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने ताला तोड़कर जबरन घर में प्रवेश किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई चार घंटे से अधिक समय तक चली। सुबह के समय भी पुलिसकर्मी आवास के भीतर मौजूद रहे। कई अधिकारियों को घर से बाहर निकलकर आपस में चर्चा करते और फिर दोबारा अंदर जाते देखा गया। आवास से बाहर आने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली।

Related Articles

नवीनतम लेख