वेलिंगटन । न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज और देश के सबसे सफल अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले खिलाड़ी केन विलियमसन ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तत्काल प्रभाव से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।
35 वर्षीय विलियमसन ने अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में तीनों प्रारूपों को मिलाकर 378 मैच खेले और 19,346 रन बनाए। उनके नाम 48 शतक और छह दोहरे शतक दर्ज हैं।
साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले विलियमसन ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था और अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पूरी तरह विदाई ले ली है।
संन्यास की घोषणा करते हुए विलियमसन ने कहा, “मैंने इस बारे में काफी समय तक सोचा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में मुझे स्पष्ट हो गया कि अब यही सही समय है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए मेरे भीतर हमेशा एक मजबूत जुनून और भूख रही है और मुझे इस बात पर गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए खेले हर मैच में मैंने अपना सब कुछ दिया।”
उन्होंने कहा, “यदि मैं अब पहले जैसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ नहीं खेल सकता, तो आगे जारी रखना सही नहीं होगा। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे अपनी शर्तों पर विदाई लेने का मौका मिला, मैं इस टीम को छोड़ते हुए आशावान हूं कि यह समूह आने वाले समय में बहुत आगे जाएगा। इस टीम में अपार प्रतिभा है और कुछ खास हासिल करने की सच्ची इच्छा भी है।”
उन्होंने कहा, “यह एक ऐसी टीम है जिससे मैं बेहद प्यार करता हूं और इतने लंबे समय तक इसका हिस्सा रहना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। यह हमेशा मेरे दिल के बहुत करीब रहेगी।”
कप्तान के तौर पर भी छोड़ी अमिट छाप
विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में 40 मैचों में कप्तानी करते हुए 22 जीत दर्ज कीं और वह न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान बने।
वनडे में उन्होंने 91 मैचों में कप्तानी कर 46 जीत दिलाईं, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में 75 मैचों में 39 जीत के साथ वह न्यूजीलैंड के सबसे सफल कप्तान बने।
बड़ी उपलब्धियां
2016 टी20 विश्व कप – सेमीफाइनल
2019 क्रिकेट विश्व कप – फाइनल
2021 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप – खिताब
2021 टी20 विश्व कप – फाइनल
2022 टी20 विश्व कप – सेमीफाइनल
2023 क्रिकेट विश्व कप – सेमीफाइनल
व्यक्तिगत उपलब्धियां
2019 विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
2019 आईसीसी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर
सभी प्रमुख टेस्ट देशों के खिलाफ सबसे तेज और सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल
चार बार सर रिचर्ड हैडली मेडल विजेता
2010 में भारत के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में पदार्पण शतक
विलियमसन के संन्यास के साथ न्यूजीलैंड क्रिकेट के सबसे सफल और सम्मानित अध्यायों में से एक का समापन हो गया।
