33.3 C
Kolkata
Friday, June 12, 2026

मिस इंडिया एशिया-2026 प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में मिस इंडिया एशिया-2026 प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा को सही दिशा, मार्गदर्शन और अवसर मिले तो बच्चे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

सम्मानित होने वाले बच्चों में समृद्धि झा, जेसिका मलखानी, साइका तबस्सुम सहित कई अन्य प्रतिभागी शामिल थे। उपायुक्त ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हाल ही में आदित्यपुर स्थित एक होटल में पीजेट मॉडलिंग कॉन्टेस्ट का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता का यह दूसरा संस्करण था, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया था। इन्हीं विजेता बच्चों को विशेष रूप से उपायुक्त कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और आयोजनकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

सम्मान प्राप्त करने वाले बच्चों ने इस अवसर को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने जिले और राज्य का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया।

उपायुक्त ने इस मौके पर कहा कि ऐसे मंच बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख