इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना शिप्रा थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे उस समय हुई, जब वे देवास से इंदौर लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल प्रभात सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह विशेष अनुमति के बाद उनके पार्थिव शरीर को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया है।
गाड़ी से उतरते ही तेज रफ्तार बस ने मारी जोरदार टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय प्रभात सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र स्थित गायघाट गांव के रहने वाले थे। उनके पिता प्रदीप सिंह रिश्ते में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाई हैं। प्रभात अपने तीन दोस्तों के साथ किसी निजी काम से देवास आए थे और देर रात कार से वापस इंदौर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शिप्रा क्षेत्र के पास उन्होंने किसी काम से सड़क किनारे अपनी कार रोकी थी। कुछ देर बाद जब वे वापस कार में बैठने के लिए आगे बढ़े, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रभात कई फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
रात 3 बजे हुआ पोस्टमार्टम, विशेष विमान से दिल्ली भेजा गया शव
हादसे के तुरंत बाद प्रभात के साथियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वीआईपी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कानूनी प्रक्रिया शुरू की। विशेष अनुमति लेकर रात करीब तीन बजे ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शुक्रवार सुबह प्रभात सिंह के पार्थिव शरीर को विशेष विमान (एयरलिफ्ट) के जरिए दिल्ली भेजा गया, जहां से शव को पैतृक निवास उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा और वहीं उनका अंतिम संस्कार होगा।
अस्पताल पहुंचे कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही देर रात सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्थाओं की खुद निगरानी की।
फरार बस चालक की तलाश में जुटी पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिप्रा थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
