39.6 C
Kolkata
Monday, June 8, 2026

अचानक बुलाई गई कैबिनेट की बैठक आज: बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगाएगी सरकार

पटना | राज्य सरकार ने सोमवार को अचानक मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है, जो आमतौर पर प्रत्येक सप्ताह बुधवार को आयोजित होती है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण बैठक आज शाम 5 बजे मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित की जाएगी। सरकार के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक में कुछ ऐसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित हैं जिन पर जल्द निर्णय लेना आवश्यक है और इसी वजह से निर्धारित समय से पहले यह कैबिनेट बैठक बुलाई गई है।

आगामी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति देने की तैयारी

राजनीतिक विश्लेषक अरुण पाण्डेय ने बताया कि सरकार आगामी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए कई बड़े फैसले ले सकती है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़े वित्तीय और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी मिलने की प्रबल संभावना है। हालांकि सरकार की ओर से बैठक के मुख्य एजेंडे का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन अचानक बुलाई गई इस बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक हल्कों में काफी अहम माना जा रहा है।

पिछली बैठक में 13 महत्वपूर्ण एजेंडों पर लगी थी मुहर

सम्राट कैबिनेट की पिछली बैठक भी काफी महत्वपूर्ण रही थी, जिसमें कुल 13 एजेंडों को मंजूरी दी गई थी। उस बैठक में सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कई अहम निर्णय लिए थे, जिनका मुख्य उद्देश्य बिजली सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाना था। इसके अलावा मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से जुड़े नियमों में भी सरकार द्वारा बड़ा बदलाव किया गया था ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष की आय सीमा में हुआ था सुधार

पिछली कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले के तहत मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित वार्षिक आय सीमा को बढ़ाकर 4 लाख रुपये कर दिया गया था। आपको बता दें कि इससे पहले इस कल्याणकारी योजना का लाभ लेने के लिए पीड़ित परिवार की अधिकतम वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तय थी, जिसे बढ़ाकर अब जरूरतमंदों को बड़ी राहत दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख