39.6 C
Kolkata
Monday, June 8, 2026

पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव, इलाके में फैली सनसनी

सीवान । जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित सदरपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आम के बगीचे में पेड़ से लटकता एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान सदरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह (53) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पश्चिमोत्तर स्थित आम के बगीचे में पेड़ से उनका शव लटकता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और विभिन्न पहलुओं पर जांच की।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख