36.3 C
Kolkata
Sunday, June 7, 2026

ईटीपी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से चार श्रमिकों की मौत

सूरत । गुजरात के सूरत शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में चार श्रमिकों की जान चली गई। खांड बाजार क्षेत्र स्थित चौर्यासी डेयरी के पास रतिह ज्वेलर्स के इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) की भूमिगत टंकी की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों श्रमिकों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों श्रमिकों को टंकी से बाहर निकालकर स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान सुपरवाइजर निमेष विठ्ठलभाई सावलिया (26), विकास कुमार संतोषभाई सोनावणे (24), विजय भीखाभाई आहिरे (24) और योगेश नानाभाई जादव के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सबसे पहले योगेश टंकी की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। उनके फंसने पर विकास और विजय उन्हें बचाने के लिए नीचे गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इसके बाद सुपरवाइजर निमेष सावलिया ने फायर विभाग को सूचना देने के साथ स्वयं भी बचाव के लिए टंकी में प्रवेश किया, जहां वे भी बेहोश हो गए। चारों को बाहर निकालने तक काफी देर हो चुकी थी।

वराछा जोन-ए के डिविजनल फायर ऑफिसर रणजीतसिंह खड़िया ने बताया कि मौके पर पहुंचे अधिकारियों को किसी भी श्रमिक के पास पीपीई किट या अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं मिले। प्रथम दृष्टया मामला सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी का प्रतीत होता है।

सूरत के डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि ज्वेलरी प्रोसेसिंग से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र करने के लिए इस टंकी का उपयोग किया जाता था और इसकी नियमित सफाई की जाती थी। आशंका है कि टंकी में मौजूद जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण श्रमिक बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।

पुलिस, फायर विभाग और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख