रांची । राज्यसभा चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर मुलाकात की।
बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की रणनीति, सहयोगी दलों के बीच समन्वय और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, नेताओं ने चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए संभावित चुनौतियों और अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठनात्मक मजबूती, विधायकों के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी चुनाव प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही गठबंधन के सभी घटक दलों के बीच एकजुटता बनाए रखने और साझा रणनीति के तहत आगे बढ़ने पर सहमति बनी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव से पहले हुई यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे संकेत मिलता है कि गठबंधन के दल चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय हो चुके हैं और जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
